काम से लौटे पति को बिस्तर पर पड़ा मिला पत्नी का शव


 सेमरांकला में मंगलवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पति जब रात में काम से घर लौटे तो पत्नी का शव देखकर हैरान रह गए। नाक-मुंह से झाग निकल रहा था। पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टर भी मौत की वजह स्पष्ट नहीं कर पाए हैं। इसके लिए डॉक्टरों ने महिला का ब्लड और विसरा सुरक्षित रखा है।



सेमराकलां निवासी 30 वर्षीय सुनीता अहिरवार गृहिणी थीं। उनके पति देवेंद्र गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में मजदूरी करते हैं। अशोका गार्डन टीआई उमेश यादव के मुताबिक मंगलवार रात आठ बजे देवेंद्र काम से घर लौटे तो सुनीता बिस्तर पर पड़ी थी। उनके मुंह-नाक से झाग निकल रहा था। मौके पर पहुंची अशोका गार्डन पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 



उसकी आंख के पास बारीक निशान है, जो किसी जहरीले कीड़े के काटने का हो सकता है। पता चला कि दोपहर ढाई बजे तक सुनीता पड़ोसियों से बात करती नजर आई थी। पुलिस का मानना है कि मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चलेगी। डॉक्टरों ने ब्लड सैंपल लिए हैं ताकि सर्पदंश की जांच की जा सके।